धनु राशि – भविष्यफल 2018 - Dhanu personalities and Rashifal 2018

धनु राशि वाले प्रायः देखने में आकर्षक, बलवान और लंबे कद के होते है। आपके बाल घने होते हैं व आंखें चमक से भरपूर होती हैं। आपको क्रोध जल्दी आता है और आप थोड़े जल्दबाज होते हैं, जल्दी निर्णय लेने के कारण नुकसान उठाते हैं। आप में उत्सुकता का भाव भी अधिक होता है, हर बात के विषय में जानने के लिए आप सदैव आतुर रहते हैं। आप प्रतिस्पर्धा से घबराते नहीं है, अपितु डटकर सामना करने की क्षमता रखते हैं। आप रोमांटिक स्वाभाव के होते हैं, अगर आपको रोमांस करने का मौका मिल जाए तो आप पहल करने से पीछे नहीं हटते और अपने प्रेम का इजहार कर देते हैं। आपके साथ वहीं व्यक्ति टिक सकता है जो आप की ही भांति ऊर्जावान और उत्साहित रहता हो। बृहस्पति का प्रभाव होने के कारण देव और गुरुओं का आदर करने वाले। आप स्पष्टवक्ता, निर्मल चरित्र वाले, अच्छे मित्र, धनी, जनप्रिय होते हैं। अच्छे गुणों के साथ अहंकार की मात्रा अधिक होने के कारण सफलता के मुकाम तक पहुँचने में संघर्ष करना पड़ता है। आपके मित्र मंडली में हर किस्म के लोग रहेंगे, आप लोगों को उनके विशिष्ट गुणों के आधार पर ही अपना दोस्त बनाते हैं।
आपको नेतृत्व करने की इच्छा रहती है किसी और के विचारों को अपने उपर सह नहीं पाते लेकिन उनका निरादर भी नहीं करते हैं। प्रत्येक कार्य में बढ़-चढ़ कर भाग लेना आपको अच्छा लगता है। चुनौतियां स्वीकार करना आपको अच्छा लगता है. किसी भी काम को साहस, दृढ़ता, संकल्पशक्ति, उत्साह के साथ पूरा करते हैं।
धनु राशि के व्यवसाय
देवगुरु बृहस्पति के पराभव से आप अपना करियर धर्म के क्षेत्र में बना सकते हैं। आप धर्म प्रचारक के रुप में भी काम कर सकते हैं, आप धार्मिक संस्थाओं से जुड़कर भी अपना काम कर सकते हैं। अत्यधिक ऊर्जावान होने के कारण आप खेलों को भी अपने कैरियर के रुप में चुन सकते हैं। आप लेखापाल अथवा वकालत को भी अपना कैरियर बना सकते हैं। आप वित्तीय प्रबंधक अथवा सलाहकार के रुप में भी काम कर सकते हैं।
शुभ रंग : पीला
शुभ अंक : 3
शुभ रत्न : पुखराज, सुनहला